मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। गुरुवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, पहचान सत्यापन, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कंट्रोल रूम, स्ट्रॉन्ग रूम तथा सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस अधिकारियों को शासन की गाइडलाइन का शत- प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम और एसएसपी ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। प्रत्येक अभ्यर्थी की निर्धारित मानकों के अनुसार सघन जांच और पहचान सत्यापन किया जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर अनुशासित माहौल बनाए रखते हुए परीक्षार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मोबाइल पुलिस टीमें लगातार भ्रमण कर निगरानी कर रही हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन माध्यमों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता भंग करने, अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।






