मुजफ्फरनगर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फुगाना पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 27.780 किलोग्राम गांजा और एक ब्रेजा कार बरामद की है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5.5 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ तथा ‘मिशन शक्ति फेज-5’ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस उपाधीक्षक फुगाना और थानाध्यक्ष जयवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान मेरठ-करनाल हाईवे से लोई नहर पटरी मार्ग पर पुलिस ने दो संदिग्धों को रोका। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रूड़कली निवासी अब्दुल समद (24) और कमहेड़ा निवासी नजमुद्दीन (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि अब्दुल समद के पास से 12.50 किलोग्राम और नजमुद्दीन के पास से 15.280 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा एक ग्रे रंग की ब्रेजा कार संख्या यूपी 15 डी वाई 6236 भी कब्जे में ली गई, जिसका इस्तेमाल तस्करी में किया जा रहा था। जांच में सामने आया कि अब्दुल समद के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के दो मुकदमे दर्ज हैं, जबकि नजमुद्दीन के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाते थे और किसे सप्लाई करते थे। थाना फुगाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में फुगाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





