पुरकाजी। कस्बे के मोहल्ला खेड़ा दरवाजा में जल निगम की ओर से पाइप लाइन बिछाने का कार्य जारी है। निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर खोदे गए गड्ढों को खुला छोड़ दिए जाने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पाइपलाइन डालने के लिए सड़क खोदने के बाद कई स्थानों पर गड्ढों को न तो भरा गया है और न ही वहां किसी प्रकार की बैरिकेडिंग या चेतावनी संकेत लगाए गए हैं। इससे दिन-रात राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और बच्चों के लिए खतरा बना हुआ है। मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया कि जल निगम की ओर से निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते गड्ढों को भरकर सड़क को सुरक्षित नहीं बनाया गया तो कोई भी व्यक्ति दुर्घटना का शिकार हो सकता है। क्षेत्र के लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए और खुले गड्ढों को तत्काल भरवाकर आवागमन को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।





