मुजफ्फरनगर। पर्यावरण सेवा समिति ने कंपनी बाग के पूर्वी मार्ग पर गेट स्थापित कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
समिति का कहना है कि सुमन विहार कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों बुजुर्ग, महिलाएं और अन्य नागरिक प्रतिदिन स्वास्थ्य लाभ तथा भ्रमण के लिए कंपनी बाग जाते हैं, लेकिन पूर्वी दिशा से प्रवेश द्वार न होने के कारण उन्हें लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। समिति के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि विशेष रूप से वृद्धजनों को इस समस्या से अधिक परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी कई बार प्रशासन को प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं। क्षेत्रीय सांसद, विधायक और मंत्रियों के समर्थन पत्र भी प्रशासन को उपलब्ध कराए गए थे। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि प्रशासन द्वारा कई बार गेट खुलवाने या लगवाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे क्षेत्र के लोगों और समिति के सदस्यों में रोष व्याप्त है। पर्यावरण सेवा समिति ने प्रशासन को अंतिम अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि 15 जुलाई 2026 तक गेट लगाने अथवा खोलने की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो 16 जुलाई को सुबह 10 बजे से जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। समिति ने कहा कि आंदोलन के दौरान किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या उत्पन्न होने पर उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में उपाध्यक्ष विकास दीक्षित, संजीव बालियान, सचिव अमजद बालियान, कोषाध्यक्ष रमन सिंह सहित समिति के अन्य पदाधिकारी और सदस्य शामिल रहे।





