मुजफ्फरनगर। सिद्धांतो की राजनीति करने की पहचान रखने वाले भाजपा के पूर्व मंत्री सुधीर बालियान की बेटे की करतूत ने फजीहत करा दी। शराब के नशे में धुत्त बालियान के बेटे ने अपने दोस्त के साथ सड़क पर खड़ी मां-बेटी के साथ अभद्रता और बदतमीजी की शर्मनाक भरी करतूत अंजाम दी। पीड़िता ने दिलेरी से जवाब देते हुए आरोपियों की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
वायरल वीडियो आरोपियों की बदतमीजी की कहानी बयां कर रही है। बताया गया है कि रात के समय मां-बेटी किसी काम से घर के बाहर खड़ी थी। इसी बीच स्कूटी पर आए दो युवकों ने अकारण उनसे बदतमीजी करते हुए अश्लील शब्दों का प्रयोग किया। पीड़ित युवती उनके सामने दबी नहीं, बराबर उन्हें जवाब देती रही। वीडियो बनाते हुए वायरल करने की चेतावनी भी दी, लेकिन दोनों बड़ी बेशर्मी से हंसते रहे। यही नहीं खुद ही शराब के नशे में होने की बात भी कहते रहे। शोर-शराबा हुआ आरोपी वहां से धक्का-मुक्की करते हुए भाग गए। पीड़ित पक्ष ने तत्काल नई मंडी थाने को सूचना देते हुए स्कूटी सवार दोनों युवकों की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
छेड़छाड़ की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस ने वीडियो के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर ली। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर शनिवार को आरोपी आर्यमान रघुवंशी पुत्र सुधीर कुमार बालियान निवासी पचेंडा रोड और शौर्य गुप्ता पुत्र मनीष गुप्ता, निवासी शिवपुरी स्कूटी समेत गिरफ्तार कर लिया। आर्यमान भाजपा के पूर्व मंत्री रहे सुधीर बालियान का बेटा बताया गया है। पुलिस ने स्कूटी को सीज कर दिया है। पूर्व मंत्री के बेटे की गिरफ्तारी की खबर से भाजपा में हलचल मची है।


