सुरक्षा का नया घेरा, रात में सड़कों पर रहेगा पुलिस का डेरा
उहर 15 मिनट की कार्रवाई का पुलिसकर्मियों को देना होगा जवाब
पुलिस अधीक्षक अमृत जैन ने शहर से देहात तक तैयार किया सुरक्षा का नया खाका
एसएसपी बोले, रात में 11 बजे से लेकर सुबह पांच बजे तक अलर्ट मोड पर रहेगी पुलिस
;ब्यूरो सच्चाई अभी तकद्ध
मुजफ्फरनगर। नए पुलिस अधीक्षक नगर अमृृत जैन ने शहर से लेकर देहात तक रात्रि में सुरक्षा का नया खाका तैयार किया है, जिसमें शहरी, ग्रामीण और बार्डर को शामिल किया गया है। इस नई व्यवस्था में संबंधित पुलिसकर्मियो को हर 15 मिनट में हुई कार्रवाई का ब्यौरा देना होगा। एसपी रोजमर्रा इसकी समीक्षा करेंगे, ताकि प्लान में किसी तरह की हीलाहवाली ना हो। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने चेकिंग प्लान को लागू करते हुए कहा कि पुलिस रात 11 बजे से लेकर सुबह पांच बजे तक अलर्ट मोड पर रहेगी।
पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने रात में सुरक्षा का नया प्लान तैयार करने से पहले काफी होमवर्क किया है। रात में शहर के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, हाइवें के ढाबों, बार्डर, शहरी और ग्रामीण अंचलों का भ्रमण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को परखा है। साथ ही पुरानी घटनाओं का संज्ञान लेकर नए हालातों में रात्रि चैकिंग का नया घेरा बनाया है, जिसमें ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की जवाबदेही भी तय की है। इस पूरी कवायद के पीछे मकसद शहर से लेकर देहात तक पुलिस की उपस्थिति को बढ़ाना है। अल्फा, वीटा और गामा के कोड से बना यह सुरक्षा प्लान रात 11 बजे से लेकर सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा। बड़ी बात यह है कि इस प्लान में शहर, देहात, बार्डर, हाइवे, प्रमुख स्थलों, ढाबों के अलावा संविधान निर्माता डा. भीमराव अंबेडकर की मूर्तियों को तरजीह दी गई है।
एसपी सिटी अमृत जैन के प्लान की खास बात यह है कि रात में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को हर 15 मिनट बाद हर कार्रवाई को लेकर व्हाटसएप पर अपडेट देना होगा। मसलन कितने वाहनों, कितने ढाबों, कितने संदिग्धों को चेक किया गया। साथ ही कोई संदिग्ध तो नहीं पकड़ा गया। यही नहीं एसपी ने रात में होने वाली चैकिंग की रोजमर्रा समीक्षा करने की कमान भी अपने हाथ में ली है, ताकि सुरक्षा प्लान में किसी तरह की शिथिलता न आने पाए और समीक्षा के आधार पर नए सुधार किए जा सके।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने एसपी सिटी अमृत जैन के नए प्लान को हरी झंडी देते हुए तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था से रात में पुलिस की सक्रियता नजर आएगी। किसी बड़ी घटना होने की स्थिति का भी अलग से प्लान बनाया गया है। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया है कि किस क्षेत्र में कौन-कौन अधिकारी, थाना प्रभारी और चीता मोबाइल तत्काल मौके पर आएंगे। नई व्यवस्था से अपराधियों के खिलाफ चल रही मुहिम को और ताकत मिलेगी।

