मुजफ्फरनगर। राज्य सरकार के वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत शनिवार को चीनी मिल के ईटीपी परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया। इस दौरान अर्जुन, जामुन और अमरूद प्रजाति के कुल 3800 पौधे लगाए गए। अभियान में इकाई प्रमुख डॉ. अशोक कुमार, कुलदीप राठी, डी.पी. सिंह, सुशांत ठाकुर, डी.पी. गुप्ता सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन शामिल हुए। सभी ने पौधारोपण कर हरित पर्यावरण के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
इकाई प्रमुख डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि पेड़ पृथ्वी के जीवन का आधार हैं। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण तैयार करना हम सभी की जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण कार्यक्रम में श्रम विभाग मुजफ्फरनगर के प्रतिनिधि विन्ध्याचल शुक्ला तथा आबकारी निरीक्षक ओम प्रकाश कटियार ने भी पौधे लगाकर अभियान में सहभागिता की।





