मुजफ्फरनगर। प्रस्तावित कांवड़ यात्रा की तैयारियों में जुटे पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने साफ कहा कि निर्धारित मानको की अनदेखी करने वाले डीजे को शहर क्षेत्र की सीमा में बजने नहीं दिया जाएगा। साथ ही संचालकों के साथ डीजे हायर करने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित निकालना हम सब की जिम्मेदारी है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि डीजे कांवड़ निर्धारित मानक के अनुरूप होने के कारण जातिगत गानों पर पूरी तरह रोक रहेगी।
सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मिश्रा, सिटी मजिस्टेट पंकज राठौर और पुलिस उपाधीक्षक सदर राजू साव ने आज शहर कोतवाल ब्रजेश कुमार शर्मा और सिविल लाइन थाने के इंस्पेक्टर केपी सिंह के साथ डीजे संचालकों के साथ मंथन किया। सीओ सदर राजू साव ने कहा कि शिव भक्तों की सेवा में मुजफ्फरनगर के लोगों का कोई सानी नहीं है। यहां से गुजरने वाले करोडों शिव भक्त मुजफ्फरनगर की सेवा के कायल रहे है। आने वाली कांवड़ यात्रा में इस छवि को बरकरार रखना हम सब की जिम्मेदारी है। उन्होने कहा कि इस साल भी डीजे कांवड़ का साइज 10 से 12 फुट निर्धारित किया गया है। डीजे संचालकों को यह जिम्मेदारी है कि वो डीजे कांवड़ का साइज निर्धारित मानक के दायरे में रहे। मानकों की अनदेखी करने वाले डीजे संचालकों को शहर क्षेत्र की सीमा में बजने नहीं दिया जाएगा।
सिटी मजिस्टेट पंकज राठौर ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन कृत संकल्प है। अनुमति प्रदान करते हुए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि नियमों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाए। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मिश्रा ने कहा कि निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन कराकर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि एक-एक शिवभक्त जिले की सीमा से सुरक्षित गुजर जाए। डीजे संचालकों ने अपनी समस्याएं बताई।






