मुजफ्फरनगर। व्यापारियों की आवाज व्यापार की सदर बाजार इकाई से जुडे व्यापारियों ने सोमवार को बिजली की समस्या अघोषित लगातार कटौती को लेकर टाउन हॉल स्थित बिजली के दफ्तर पर प्रदर्शन किया। बडी बात यह रही कि व्यापारियों के आंदोलन के दौरान कोई अधिकारी अपनी ऑफिस में नहीं मिला।
जिलाध्यक्ष शलभ गुप्ता ने बताया सदर बाजार की पिछले 3 दिनों से बिजली की स्थिति बड़ी खराब है, जिससे व्यापारियों का इस भीषण गर्मी में व्यापार करना बेहाल हो गया। जब भी दफ्तर में जाओ तो अधिकारी नदारद मिलते है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 24 घंटे बिजली आपूर्ति का आदेश है, लेकिन उसका असर कहीं नहीं दिख रहा है। कही ये सरकार को बदनाम करने की कोशिश तो नहीं। अगर शीघ्र ही व्यवस्था नहीं सुधरती तो व्यापारी को आंदोलन करना पड़ेगा जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान शलभ गुप्ता, जनार्दन विश्वकर्मा, आकाश अग्रवाल, अक्षित अग्रवाल, अंकुर गोयल, अतुल सिंघल, वैभव त्यागी, विनीत धीमान, मनीष सिंहल, राजेश सिंघल, संजू गुप्ता, रमित मित्तल, परवीन तायल, परवीन उपाध्याय आदि व्यापारी मौजूद रहे।





