मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जनपद के नागरिकों से 12 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘एक पेड़ माँ के नाम | वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। सामाजिक वानिकी प्रभाग, मुजफ्फरनगर के तत्वावधान में यह कार्यक्रम बेगराजपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित पार्क-1 में सुबह नौ बजे आयोजित किया जाएगा। मंत्री कपिल देव अग्रवाल इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और स्वयं पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थाओं, उद्योगपतियों, किसानों, महिलाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है। अभियान की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में मंत्री ने कहा कि तेजी से बढ़ती जनसंख्या, औद्योगिकीकरण और वन क्षेत्रों में कमी के कारण प्रदूषण, सूखा, बाढ़ और भू-क्षरण जैसी समस्याएं गंभीर रूप ले रही हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अपनी माता के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प लेने की अपील की। अधिकारियों के अनुसार जनपद में वर्ष 1979 से विश्व बैंक पोषित सामाजिक वानिकी योजना संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य बंजर भूमि, नहरों, रेलवे लाइनों और सड़कों के किनारे हरित पट्टी विकसित करना है। वर्तमान में मुजफ्फरनगर, जानसठ, मोरना और बुढ़ाना रेंजों के माध्यम से वनावरण बढ़ाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश राज्य वन नीति-2017 के अनुरूप वर्ष 2026-27 में जनपद में 412.31 हेक्टेयर क्षेत्र में अग्रिम मृदा कार्य तथा पांच लाख नए पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभागीय पौधशालाओं में 52,64,863 उच्च गुणवत्ता वाले पौधे रियायती दरों पर उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग अभियान से जुड़ सकें। मंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने का जनआंदोलन है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे परिवार और समाज के साथ इस महाअभियान में सहभागी बनकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपना योगदान दें।





