मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के चरथावल मोड पर देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश समीर उर्फ फौजी को लंगड़ा कर दिया ,जबकि इसका साथी रोहित कांबिग के दौरान पकड लिया गया।
शहर कोतवाली पुलिस शुक्रवार रात को चरथावल रोड स्थित काली नदी पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर आए दो संदिग्ध युवकों को रोकने कोशिश की गई। पुलिस को देखकर दोनों ने कच्चे रास्ते से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेरकर आत्मसमर्पण के लिए ललकारा तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत सेे गोलियां चला दी। पुलिस ने खुद का बचाव करते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें समीर उर्फ फौजी घायल हो गया। जबकि उसके साथी रोहित को कांबिग के दौरान पकड़ लिया गया। आरोपियों के पास से बिना नंबर की मोटर साइकिल और अवैध हथियार बरामद हुए है। पुलिस ने बताया कि समीर उर्फ फौजी कई संगीन मामलों में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ हत्या के प्रयासए एससी.एसटी एक्टए आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में नौ मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की तरफ से 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।





