जानसठ। क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। उप जिलाधिकारी रश्मि लांबा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया और राहत कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए।
बारिश के कारण काशीराम कॉलोनी में भारी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे कई परिवारों के घरों में पानी घुस गया। स्थिति को गंभीर देखते हुए एसडीएम ने तत्काल नगर पंचायत अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाते हुए नगर पंचायत की धर्मशाला में अस्थायी रूप से शिफ्ट कराया गया, जहां उनके रहने और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई। एसडीएम रश्मि लांबा ने केवल काशीराम कॉलोनी तक सीमित न रहते हुए खेड़ी फिरोजाबाद, कमहेड़ा, जटवाड़ा और आसपास के अन्य गांवों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जलभराव वाले स्थानों, नालों की स्थिति, सड़क मार्गों तथा ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जहां पानी की निकासी बाधित है, वहां तत्काल सफाई अभियान चलाया जाए और जल निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक अमला तैयार रहे तथा प्रभावित लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए।
एसडीएम ने ग्रामीणों से अपील की कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें, बच्चों को गहरे पानी के पास न जाने दें और किसी भी समस्या की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।





