मुजफ्फरनगर/खतौली। थार और ब्रेजा कार में सवार होकर जेवर के युवकों ने देर रात एक ढाबे पर जमकर उत्पात मचाया। सिगरेट के विवाद में न केवल मारपीट की गई, बल्कि लाइसेंस पिस्टल से फायरिंग की गई, जिसमें गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया। लाइसेंसी रिवाल्वर के साथ एक लाख 30 हजार रूपये की नगदी जब्त की गई है। आरोपियों में एक शूटिंग का राष्ट्रीय खिलाड़ी बताया गया है, जबकि दूसरा एक अधिकारी के आवास पर काम करता है।
फायरिंग की यह घटना खतौली हाइवे पर स्थित पंचशील ढाबे की बताई गई है। पुलिस के मुताबिक देर रात थार और ब्रेजा कार में सवार युवक भोजन करने के लिए ढाबे पर पहुंचे थे, जहां पर सिगरेट के दाम को लेकर विवाद हो जाता है। बात इतनी बढ़ती है कि पहले दोनों पक्षों में मारपीट होती है। बाद में हमलावर पक्ष के विक्रांत नाम के एक युवक द्वारा लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की जाती है, जिसमें एक युवक के पैर मंे गोली लग जाती है। ढाबा मालिक नदीम की सूचना पर खतौली पुलिस मौके पर पहुंचकर आरोपियों को पकड़ लेती है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि जेवर के इन विकांत, गिरीश छोकर, उमेश कुमार और दिनेश कुमार को गिरफ्तार कर लाइसेंसी पिस्टल को जब्त कर लिया गया है। इसके अलावा इनके पास से 1 लाख 30 हजार रूपये की नगदी बरामद हो गई। दोनों कारों को भी सीज किया गया है। विक्रांत शूटिंग का राष्ट्रीय खिलाड़ी रहा है, जबकि उनका एक साथी सब रजिस्टार के यहां काम करता है।





