मुजफ्फरनगर। शहर से लेकर देहात तक ईद उल जुहा की नमाज सकुशल संपन्न हो गई। कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच ईदगाह और मस्जिदों में ईद की नमाज अदाकर अमन-चैन और तरक्की की दुआएं की गई। नमाज पढ़कर आए नमाजियों पर कई स्थानों पर पुष्प वर्षा भी की गई। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय कुमार वर्मा बराबर भ्रमण कर स्थिति पर नजर गडाएं रहे।
शहर के शामली रोड स्थित ईदगाह में बडी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद उल अजहा की नमाज अदा की और मुल्क में शांति, भाईचारे तथा खुशहाली की कामना की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इमामों ने एक साथ नमाज अदा कराई। ग्रामीण इलाकों की मस्जिदों में भी बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज में हिस्सा लिया। ईद के पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी करती रहीं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी संजय वर्मा सहित अन्य आला अधिकारी ईदगाहों पर मौजूद रहे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों में डॉग स्क्वाड, ड्रोन कैमरे और बम निरोधक दस्ते ;बीडीएसद्ध की सक्रिय भूमिका रही। पूरे जनपद में सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की गई, जिले भर के चौराहों, बाजारों, मुख्य सड़कों और संवेदनशील इलाकों पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। मुज़फ्फरनगर में ईद की नमाज के शांतिपूर्ण संपन्न होने पर पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली है। जिलाधिकारी और एसएसपी ने सभी अधिकारियों और जवानों को उनके ड्यूटी का सफलतापूर्वक निर्वहन करने पर बधाई दी।








