मुजफ्फरनगर। क्षेत्रीय समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सांसद हरेंद्र मलिक और चरथावल विधायक पंकज मलिक ने प्रेमपुरी स्थित आवास पर जनसुनवाई की। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सड़क, जल निकासी, बिजली, राजस्व और अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित शिकायतें उनके समक्ष रखीं।
सांसद और विधायक ने एक-एक कर फरियादियों की बातें सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी न की जाए और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जनसुनवाई के दौरान कई ग्रामीणों और शहरी क्षेत्र के नागरिकों ने पेयजल, नालियों की सफाई, सड़क मरम्मत और सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को भी उठाया। जनप्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि प्रत्येक शिकायत का परीक्षण कराकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाया जा रहा है। वहीं विधायक पंकज मलिक ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ आमजन की शिकायतों के निस्तारण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जनसुनवाई में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं को सुनने और तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिए जाने पर जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।






