मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान शिव चौक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ कांवड़ियों द्वारा छोड़ी गई आतिशबाजी अचानक सड़क पर फूटने लगी। तेज आवाज और चारों ओर फैलती चिंगारियों के कारण वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कांवड़िये आसमान में आतिशबाजी छोड़ रहे थे। इसी दौरान एक आतिशबाजी का हिस्सा नीचे सड़क पर गिर गया और लगातार फूटने लगा। आसपास मौजूद श्रद्धालु और राहगीर घबराकर इधर-उधर हटने लगे। स्थिति बिगड़ती देख ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी तुरंत आगे बढ़ा और उसने पैरों से आतिशबाजी को दबाकर उसकी चिंगारियों को फैलने से रोक दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी की तत्परता और बहादुरी स्पष्ट दिखाई दे रही है, जिसकी लोग सराहना कर रहे हैं। यदि समय रहते आतिशबाजी पर नियंत्रण नहीं किया जाता तो भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में बड़ा हादसा हो सकता था। गौरतलब है कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिव चौक पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। घटना के बाद पुलिस ने कांवड़ियों से निर्धारित नियमों का पालन करने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आतिशबाजी से बचने की अपील की है।





