मुजफ्फरनगर। जिला परिषद मार्केट में प्रेमी युगल के साथ मारपीट करने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है, जिसमें पांच लोगो को नामजद करते हुए 10-12 को अज्ञात दर्शाया गया है। हमलावरों पर मारपीट के साथ छेड़छाड़ और धमकी जैसे आरोप लगाए गए है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कडी कार्रवाई की जाएगी। थाना भवन क्षेत्र की पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 12 जुलाई की दोपहर अपने मित्र मोहम्मद महताब के साथ दवा खरीदने आई थी। इसी दौरान कुछ युवक उनके पास पहुंचे और नाम और पता पूछने के बाद बदतमीजी पर उतर आए। युवती को यह कहते हुए गालियां दी गईं कि हिंदू होकर मुस्लिम लड़के के साथ घूमती है। विरोध करने पर युवती के साथ कथित छेड़छाड़, अभद्रता और बदसलूकी की गई। आरोप लगाया गया कि उसके बाल पकड़कर नीचे गिरा दिया गया, जिससे उसके कपड़े अस्त-व्यस्त हो गए। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। शोर सुनकर एकत्र हुए आसपास के लोगों ने उन्हें हमलावरों के चुंगल से बचाया। मौके पर आई पुलिस ने उनका मेडिकल कराया। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि वायरल वीडियों और पीडिता के बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। निसंदेह कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।






