मुजफ्फरनगर। नवीन मंडी व्यापार संघ ने कृषि उत्पादन मंडी समिति की सचिव को ज्ञापन सौंपकर मंडी परिसर में व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।
संघ के अध्यक्ष संजय मिश्रा, मंत्री मनीष चौधरी और राघव मिश्रा ने बताया कि मंडी परिसर की कई दुकानों और गोदामों की छतें वर्षा के दौरान लगातार टपक रही हैं। इससे व्यापारियों का माल भीगकर खराब हो रहा है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ज्ञापन में अधूरे फड़ निर्माण कार्य को तत्काल पूरा कराने की मांग की गई है। साथ ही सड़क निर्माण के दौरान छूट गए कनेक्टिंग मार्गों के निर्माण, शौचालयों के गड्ढों की सफाई, आवश्यक स्थानों पर स्लैब निर्माण तथा दुकानों और गोदामों की छतों की मरम्मत कराने की मांग भी रखी गई। व्यापार संघ ने वर्षा जल निकासी व्यवस्था की समुचित सफाई कराने पर भी जोर दिया है, ताकि जलभराव और रिसाव की समस्या से राहत मिल सके। व्यापारियों का कहना है कि समय रहते व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गईं तो बरसात में नुकसान और बढ़ सकता है। संघ ने मंडी प्रशासन से आग्रह किया है कि व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए, जिससे माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और मंडी परिसर में व्यापारिक गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित होती रहें।





