;ब्यूरो सच्चाई अभी तक
मुजफ्फरनगर। गर्मी के सितम के बीच कंबलवाला के कारोबारी परिवार ने खराब एसी को लेकर बुधवार को अनोखा प्रदर्शन किया। खराब एसी को ई-रिक्शा की छत पर रखकर शहर के कई मार्गाे पर जुलूस निकाला। रास्ते में पीड़ित और डीलर के बीच गरमागरमी हुई। पुलिस ने बीच में आकर दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति का शांति भंग मैं चालान कर दिया।
बताया गया है कि जानसठ रोड स्थित कंबल वाला बाग निवासी आयुष जैन ने भोपा पुल के पास से विंडों एसी खरीदा था, जो कई बार शिकायत के बाद भी ठीक नहीं हुआ। जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो आयुष ने विरोध का अनोखा तरीका निकाला। पीड़ित ने ई-रिक्शा की छत पर एसी को बांधकर शहर में घुमाया। लाउड स्पीकर के साथ बैनर भी लगाया, जिसमें लिखा था चले तो चांद तक, नहीं तो शाम तक। बालाजी चौक रोड, विश्वकर्मा चौक, भोपा रोड, रेलवे ओवरब्रिज होते हुए प्रदर्शनकारी विशाल ट्रेडर्स के शोरूम पर जाना चाहते थे। रास्ते में ही पुलिस ने उन्हे रोक लिया। यहां पर विशाल ट्रेडर्स के मालिक वात्सल्य गोयल के बेटे वासु गोयल और आयुष के बीच गरमागरमी हो गई। आरोप है कि वासु ने उनके साथ बदसलूकी की। हंगामा होने पर पुलिस ई-रिक्शा के साथ दोनों पक्षो को थाने लेकर आ गई। आरोप है कि पुलिस ने दोनों पक्षों का शांति भंग मे चालान कर दिया।v






