मुजफ्फरनगर। नई मंडी स्थित भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शनिवार को विश्व धरोहर दिवस, भगवान परशुराम जन्मोत्सव और अक्षय तृतीया की पूर्व संध्या श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस दौरान विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक व ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्या स्वाति गौतम के उद्बोधन से हुआ। उन्होंने भगवान विष्णु के छठे अवतार परशुराम के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उनके पितृभक्ति, मातृभक्ति, अनुशासन और पराक्रम से विद्यार्थियों को प्रेरित किया। इसके बाद प्रधानाचार्या डॉ. वंदना शर्मा ने विश्व धरोहर दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस हमारी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है। उन्होंने विश्व के प्रमुख धरोहर स्थलों और उनके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने भगवान परशुराम को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संकल्प लिया। आयोजन ने विद्यार्थियों में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक जिम्मेदारी का भाव भी मजबूत किया।

