मुजफ्फरनगर। जनपद के विकास खंड मोरना स्थित ग्राम बेहड़ा थ्रू में दलित बस्ती के सार्वजनिक गुरु रविदास मंदिर एवं बारात घर पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए जय समता पार्टी ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि दलित बस्ती में लगभग वर्ष 1980 से सामाजिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए उपयोग में आने वाले गुरु रविदास मंदिर एवं बारात घर परिसर पर ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव और संबंधित पंचायत अधिकारियों ने बिना वैध प्रशासनिक आदेश, ग्राम सभा की सहमति या भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी किए पंचायत सचिवालय का निर्माण करा दिया। पार्टी का कहना है कि ग्रामीणों के विरोध के बावजूद निर्माण कराया गया, जिससे दलित समाज की सार्वजनिक संपत्ति और सामाजिक अधिकार प्रभावित हुए हैं। जसपा ने आरोप लगाया कि जब ग्रामीणों ने निर्माण का विरोध किया तो उन्हें सरकारी कार्य में बाधा डालने का हवाला देकर कार्रवाई और जेल भेजने की चेतावनी दी गई। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि पुलिस और संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद ग्रामीणों की बात नहीं सुनी गई, जिससे उनमें रोष व्याप्त है। पार्टी ने मांग की है कि गुरु रविदास मंदिर एवं बारात घर परिसर को तत्काल खाली कराया जाए, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि जांच में अनियमितता या अवैध कब्जे की पुष्टि होती है तो संबंधित ग्राम प्रधान और अधिकारियों के विरु( विधिक प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाए।





