मुज़फ्फ़रनगर। रात के अंधेरे में दुधारू गाय के बछड़े को चोरी छिपे जंगल में लावारिस छोड़ने की कोशिश गौ सेवकों की प्रयासों से नाकाम हो गई। पुलिस ने आरोपी को शांति भंग में चालान कर दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के रामलीला टिल्ला निवासी राकेश अपनी गाय के बछड़े को लेकर न्याजूपुरा के जंगल में पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने उसे संदिग्ध परिस्थितियों में देख लिया। पूछताछ करने पर मामला सामने आया तो युवकों ने पूरी घटना अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली। कुछ ही देर में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद गौसेवक नीशू ने शहर कोतवाली पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर रामलीला टिल्ला चौकी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वायरल वीडियो की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने जंगल में छोड़े गए बछड़े को भी बरामद कर गौसेवक नीशू के सुपुर्द किया, जिन्होंने बाद में उसे कूकड़ा स्थित नंदी गौशाला पहुंचा दिया।
पूछताछ में आरोपी राकेश ने माना कि उसने गलती की है और भविष्य में कभी भी इस तरह की हरकत नहीं करेगा। हालांकि पुलिस ने उसकी माफी को पर्याप्त नहीं माना और कानूनी कार्रवाई करते हुए उसका शांतिभंग में चालान कर दिया।






