मुजफ्फरनगर। चरथावल विधायक पंकज मलिक ने टाउन हॉल मैदान स्थित देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसान नेता चौधरी चरण सिंह के स्मारक की बदहाल स्थिति को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने स्मारक स्थल पर व्याप्त अव्यवस्थाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।
विधायक का कहना है कि स्मारक परिसर में गंदगी का अंबार लगा है। जगह-जगह कूड़ा-कचरा और शराब की खाली बोतलें पड़ी हैं, जिससे स्थल की गरिमा प्रभावित हो रही है। इसके अलावा खुले बिजली के तार और जर्जर व्यवस्थाएं भी लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनी हुई हैं। पंकज मलिक ने आरोप लगाया कि शहर के अन्य प्रेरणा स्थलों का नियमित रखरखाव कराया जा रहा है, जबकि चौधरी चरण सिंह स्मारक की लगातार उपेक्षा की जा रही है। उनका कहना है कि किसान नेता और पूर्व प्रधानमंत्री के स्मारक की इस तरह की स्थिति दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से स्मारक परिसर की तत्काल सफाई, आवश्यक मरम्मत, नियमित रखरखाव और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की। साथ ही स्मारक की देखरेख में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की भी बात कही। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्मारक की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो वह इस मुद्दे को विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाएंगे।






