मुजफ्फरनगर। लंबे इंतजार के बाद बुधवार को मानसून की पहली बारिश ने जनपदवासियों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दिलाई। सुबह हुई बारिश के बाद दिन भर आसमान में बादलों का डेरा रहा, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। पिछले कई दिनों से 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना अधिकतम तापमान घटकर करीब 34 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।
बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। सुबह से शाम तक बीच-बीच में बादल छाए रहने से तेज धूप नहीं निकली, जिससे जनजीवन भी सामान्य रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह मानसून की पहली प्रभावी बारिश मानी जा रही है और आगामी दिनों में भी रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। मौसम में आए बदलाव का असर शहर के बाजारों में भी साफ दिखाई दिया। भगत सिंह रोड, शिव चौक, गांधी कॉलोनी, नई मंडी, रुड़की रोड, कोर्ट रोड समेत प्रमुख बाजारों में दिन भर खरीदारों की आवाजाही बढ़ी रही। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी के कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता था, लेकिन मौसम सुहावना होने से लोग खरीदारी के लिए घरों से बाहर निकले। व्यापारियों का कहना है कि तेज गर्मी के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा था, लेकिन बारिश के बाद बाजारों में ग्राहकों की संख्या बढ़ने से व्यापार में भी सुधार की उम्मीद जगी है। वहीं आम लोगों ने भी मौसम के बदलते मिजाज का स्वागत करते हुए राहत की सांस ली। मौसम विभाग का अनुमान है कि जिले में अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और बीच-बीच में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे तापमान सामान्य के करीब बना रहेगा।





