मुजफ्फरनगर। शहर के खालापार थाना क्षेत्र स्थित दक्षिणी कृष्णापुरी में एक मकान की खरीद-फरोख्त को लेकर विवाद खड़ा हो गया। हिंदू संगठनों ने एक मुस्लिम व्यक्ति द्वारा हिंदू बहुल क्षेत्र में मकान खरीदे जाने का विरोध करते हुए इसे ‘लैंड जिहाद’ करार दिया और मोहल्ले में पंचायत आयोजित की। पंचायत के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं ने संबंधित मकान पर ताला लगा दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन मामले पर नजर बनाए हुए है।
जानकारी के अनुसार, दक्षिणी कृष्णापुरी निवासी एक जैन परिवार ने अपना मकान एक मुस्लिम व्यक्ति को बेच दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें मकान की बिक्री की जानकारी बाद में मिली। उनका आरोप है कि मकान में लोगों की आवाजाही बढ़ने और वहां हुक्का पीने जैसी गतिविधियां होने के बाद इस मामले की जानकारी मोहल्ले में फैली। इसके बाद हिंदू संघर्ष समिति के बैनर तले मोहल्ले में बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और स्थानीय लोग शामिल हुए। बैठक में मकान की खरीद का विरोध करते हुए इसे हिंदू बहुल क्षेत्र की सामाजिक संरचना से जुड़ा मुद्दा बताया गया। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं ने मकान पर ताला लगा दिया। उस समय मकान में कोई मौजूद नहीं था। हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों का आरोप है कि सुनियोजित तरीके से हिंदू बहुल क्षेत्रों में महंगे दामों पर मकान खरीदकर बाद में जनसांख्यिकीय बदलाव की कोशिश की जाती है। उन्होंने इस प्रक्रिया को लैंड जेहाद’ बताते हुए इसकी जांच की मांग की। कुछ पदाधिकारियों ने बैंकिंग प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। वहीं, कुछ स्थानीय निवासियों ने आशंका जताई कि भविष्य में त्योहारों के दौरान सांप्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर समाधान निकालने की मांग की। हालांकि, मकान खरीदने वाले पक्ष का इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। प्रशासन की ओर से भी समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी जारी नहीं की गई थी।





