मुजफ्फरनगर। सदर तहसील क्षेत्र के गांव कुतुबपुर के ग्रामीणों और किसानों ने प्रस्तावित एक्सप्रेसवे के विरोध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर परियोजना पर पुनर्विचार की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण होने पर छोटे और सीमांत किसानों की आजीविका प्रभावित होगी।
ज्ञापन में बताया गया कि एनएचएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार गांव कुतुबपुर से होकर एक्सप्रेसवे प्रस्तावित है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के अधिकांश परिवार कृषि पर निर्भर हैं और उनके पास आय का कोई अन्य स्थायी स्रोत नहीं है। यदि उनकी कृषि भूमि अधिग्रहित की गई तो उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। किसानों ने कहा कि प्रस्तावित परियोजना को लेकर गांव में असंतोष का माहौल है। उनका कहना है कि खेती छिनने की स्थिति में कई परिवारों को गांव छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। ऐसे में प्रशासन किसानों की समस्याओं और भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव पर पुनर्विचार करे। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की कि किसानों के हितों की रक्षा करते हुए ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित न हो और उन्हें पलायन के लिए मजबूर न होना पड़े।





