मुजफ्फरनगर। लगातार हो रही बारिश से उत्पन्न जलभराव की समस्या को लेकर प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने गुरुवार को स्वयं जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
मंत्री ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी और जलकल विभाग के सहायक अभियंता के साथ रामपुरी क्षेत्र तथा मिमलाना रोड का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलभराव वाले हिस्सों में पानी के बीच उतरकर वास्तविक स्थिति देखी और मौके पर मौजूद अधिकारियों से जल निकासी व्यवस्था की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने रामपुरी क्षेत्र की गलियों में पैदल चलकर स्थिति का आकलन किया। बाद में उन्होंने स्कूटी से मिमलाना रोड के विभिन्न हिस्सों का दौरा किया और यह देखा कि पानी निकासी में कहां-कहां बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भी नालों में रुकावट हो, उसे तत्काल हटाया जाए और जलभराव वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पंपिंग व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। मंत्री ने कहा कि बरसात के दौरान संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी नालों की पूर्ण सफाई सुनिश्चित की जाए। जल निकासी में बाधा बनने वाले अवरोध तुरंत हटाए जाएं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त जल निकासी प्रबंध किए जाएं। शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जन सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक विभाग समन्वय के साथ काम करे और लोगों को शीघ्र राहत पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। बरसात के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग पूरी तत्परता से कार्य करें। निरीक्षण के अंत में मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों में लगातार मॉनिटरिंग की जाए और जहां आवश्यकता हो, वहां तत्काल मशीनरी लगाकर पानी की निकासी कराई जाए, ताकि शहरवासियों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।







