मुजफ्फरनगर;ब्यूरो सच्चाई अभी तकद्ध। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा ;यूपीटीईटीद्ध-2026 के दूसरे दिन शुक्रवार को पहली पाली की परीक्षा कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से हुई। जनपद के सभी 13 परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन और पुलिस की कड़ी निगरानी रही। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए पहले दिन की तरह दूसरे दिन भी व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई। जनपद में दो से चार जुलाई तक आयोजित हो रही परीक्षा में करीब 11 हजार अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। पहली पाली सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2.30 से शाम 4.00 बजे तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा शुरू होने से पहले सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। परीक्षार्थियों को केंद्रों में प्रवेश से पहले तीन चरणों की जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। सबसे पहले प्रवेश पत्र और पहचान पत्र का सत्यापन किया गया। इसके बाद शारीरिक तलाशी ली गई तथा एआई कैमरों और बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से अभ्यर्थियों की पहचान की पुष्टि की गई। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन पहले ही परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले चुके हैं। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस अधिकारियों को परीक्षा की निष्पक्षता और गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा मोबाइल पुलिस टीमें लगातार भ्रमण कर रही हैं। सीसीटीवी कैमरों से प्रत्येक केंद्र की निगरानी की जा रही है, जबकि सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फर्जी अभ्यर्थियों, नकल कराने वाले गिरोह या परीक्षा की शुचिता भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।





