मुजफ्फरनगर। मोहर्रम के अवसर पर मंगलवार देर रात निकाले गए पारंपरिक जुलूस को लेकर शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। संवेदनशील माने जाने वाले शिव चौक क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती गई, जहां प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की और पूरे मार्ग की निगरानी की।
मोती महल क्षेत्र से शुरू हुआ मोहर्रम का जुलूस निर्धारित मार्ग से होते हुए खालापार और शिव चौक से गुजरकर आगे बढ़ा। जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने भाग लिया। प्रशासन की सतर्कता और आपसी सौहार्द के चलते जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। शिव चौक पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत बैरिकेडिंग की गई तथा चौक स्थित धार्मिक स्थल के आसपास सुरक्षात्मक आवरण लगाया गया। यहां पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी की। यातायात संचालन और भीड़ प्रबंधन के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए थे। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ कुमार मिश्रा ने बताया कि मोहर्रम के सातवें दिन निकाले जाने वाले प्रमुख जुलूसों में यह एक महत्वपूर्ण जुलूस है। इसे सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों की भावनाओं और आस्था का सम्मान करते हुए सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई, जिसके परिणामस्वरूप जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि संवेदनशील बिंदुओं पर अतिरिक्त बल की तैनाती की गई थी तथा यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखा गया। प्रशासन आगामी मोहर्रम कार्यक्रमों को लेकर भी पूरी तरह सतर्क है और आवश्यक तैयारियां जारी हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही।





