मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज की ओर से आयोजित प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज ;प्रारंभिकद्ध परीक्षा-2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। परीक्षा के दौरान एसपी सिटी अमृत जैन ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
रविवार को आयोजित परीक्षा के मद्देनजर सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ सेक्टर और जोनल अधिकारियों की तैनाती की गई। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए ताकि परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने केंद्रों के प्रवेश द्वारों पर अभ्यर्थियों की चैकिंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कंट्रोल रूम से निगरानी व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा परीक्षा कक्षों की निगरानी का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी सिटी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को परीक्षा अवधि के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और परीक्षा केंद्रों पर आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर भी जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी अभ्यर्थियों की प्रवेश से पूर्व सघन जांच और फ्रिस्किंग कराई जा रही है। परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितता या नकल कराने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






