मुजफ्फरनगर।तितावी क्षेत्र में शनिवार को एक कार को बचाने के चक्कर में गंधक से भरा ट्रक पलट गया। अचानक हुए इस हादसे के बाद सुलगी सड़क और धुएं से लोग सहम गये। इस कारण यातायात पूरी तरह बंद हो गया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर बिखरे गंधक को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। बताया गया है कि शनिवार दोपहर के समय गंधक से भरा ट्रक शामली से मुजफ्फरनगर की तरफ आ रहा था। धौलरा पुल के पास राॅंग साईड से आई कार को बचाने के प्रयास में गंधक से भरे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर ही पलट गया। सड़क पर ज्वलंतशील गंधक के गिरने से कई स्थानों पर सड़क सुलग गई। साथ ही गंधक से निकले धुएं से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। दहशत में लोग जहां थे वहीं रूक गये।

