मुजफ्फरनगर। पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत की अगुवाई में शहर कोतवाली क्षेत्र में किरायेदार एवं नौकरों के सत्यापन का अभियान चलाया गया है। एसपी ने मकान मालिकों को बताया कि किराएदारों और नौकरों का सत्यापन न कराना सुरक्षा की दृष्टि से बडी चूक है।
अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में किरायेदारों और नौकरों के सत्यापन का विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसी कडी में पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण् प्रजापत ने कोतवाली नगर क्षेत्र में स्वयं पहुंचकर घर-घर जाकर किरायेदारों एवं घरेलू व्यवसायिक नौकरों का सत्यापन कराया गया। इस दौरान मकान मालिकों एवं दुकानदारों को सत्यापन की अनिवार्यता के संबंध में जागरूक किया तथा उन्हें समय से सत्यापन कराने हेतु प्रेरित किया। पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि किरायेदारों और नौकरों का समय से सत्यापन न कराना सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर चूक है। सत्यापन प्रक्रिया पूर्णतः सरल एवं निःशुल्क होने के बावजूद कई लोग इसे नजरअंदाज करते हैं, जिससे असामाजिक तत्वों द्वारा शहर में छिपकर रहने की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने अपील की कि किसी भी व्यक्ति को किराए पर कमरा और मकान देने अथवा नौकर रखने से पूर्व उसका पूर्ण सत्यापन अवश्य कराएं, जिससे आपराधिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण कायम किया जा सके। अभियान के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर बबलू सिंह आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।






