मुजफ्फरनगर। आदर्श कालोनी के लिंक रोड पर बिजली का खम्भा क्रेन से उठाते समय बड़ा हादसा हो गया। क्रेन से टूटकर खम्भा उधर से गुजर रहे स्कूटी सवार पर गिर गया। इस हादसे में स्कूटी चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद काम कर रहे कर्मचारी भाग गये। इलाके के लोगों ने मौत के विरोध में हंगामा भी किया, बाद में पुलिस ने उन्हें शांत किया। गांधी कालोनी से आदर्श कालोनी जाने वाले लिंक रोड पर इन दिनों सड़क निर्माण और पुराने खम्भे उखाड़कर नये बिजली खम्भे लगाने का काम चल रहा है। सोमवार दोपहर को कर्मचारी पुराने बिजली खम्भे को उखाड़ने के बाद क्रेन से उठा रहे थे। इसी दौरान खम्भा क्रेन की चेन से टूटकर उधर से गुजर रहे स्कूटी सवार सुनील के सिर पर जा गिरा। सिर फूट जाने के कारण सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कर्मचारी मौके से फरार हो गये। इसी बीच सुनील के परिजन भी रोते बिलखते मौके पर पहुंच गये। आक्रोशित लोगों ने यहां जमकर हंगामा भी किया।







