मुज़फ्फरनगर। संविधान दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में “हमारा संविधान – हमारा स्वाभिमान” थीम के तहत एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने किया, जिन्होंने संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सामूहिक रूप से संविधान प्रस्तावना का वाचन करवाया और संवैधानिक मूल्यों के पालन की शपथ दिलाई।
जिलाधिकारी ने कहा कि संविधान न केवल नागरिकों को अधिकार देता है, बल्कि कर्तव्यों की याद भी कराता है और यह हमारे लोकतंत्र का मार्गदर्शक है। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह, एडीएम न्यायिक सहित समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में सभी अनुभागों के अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस कर्मी और अन्य स्टाफ उपस्थित रहे। सामूहिक प्रस्तावना व शपथ के दौरान कार्यक्रम स्थल पर एक अनुशासित एवं भक्तिमय वातावरण देखा गया, जिसमें सभी उपस्थितजनों ने संविधान के प्रति अपने कर्तव्य और जिम्मेदारियों का संकल्प दोहराया।







