मुज़फ्फरनगर। उर्दू भाषा के संरक्षण व संवर्धन के उद्देश्य से उर्दू डेवलपमेंट ऑर्गनाइज़ेशन के कैंप कार्यालय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यूडीओ के क़ौमी सदर डॉ. सय्यद अहमद ख़ान ने दिल्ली यूनिट द्वारा प्रकाशित “आलमी यौमे उर्दू यादगार मजल्ला” का औपचारिक विमोचन किया।
इस वर्ष के विशेषांक में उर्दू जगत के वरिष्ठ पत्रकार सय्यद आलिम नक़वी की ज़िंदगी, पत्रकारिता और अदबी सेवाओं पर विस्तृत सामग्री प्रकाशित की गई है। विमोचन पश्चात डॉ. ख़ान ने कहा कि सय्यद आलिम नक़वी उर्दू पत्रकारिता का चमकता सितारा हैं। उन्होंने अपनी पूरी ज़िंदगी कलम और उर्दू ख़िदमत के नाम कर दी। डॉ. सय्यद अहमद ख़ान ने अपने वक्तव्य में कहा कि मुज़फ्फरनगर यूनिट का जज़्बा और टीमवर्क पूरे उत्तर प्रदेश के लिए मिसाल है। उर्दू के फ़रोग़ के लिए यहाँ जो काम हो रहा है, वह क़ाबिले-तारीफ़ है। उन्होंने युवा पीढ़ी में उर्दू मोहब्बत जगाने को संगठन की बड़ी उपलब्धि बताया।सामाजिक कार्यकर्ता एडवोकेट शाहजबीं क़ाज़ी ने भी यूनिट की कोशिशों को सराहते हुए कहा कि मुज़फ्फरनगर के उर्दू-नवाज़ लोगों का जज़्बा काबिले-दाद है। अगर पूरे प्रदेश में ऐसी मोहब्बत उर्दू के लिए दिखाई दे तो इसका फ़रोग़ और तेज़ी से होगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. सय्यद अहमद ख़ान, एडवोकेट शाहजबीं क़ाज़ी, हकीम मुर्तज़ा देहलवी, इक़रार उज्जैनी, हकीम अताउर्रहमान अजमली, कलीम त्यागी, तहसीन अली असारवी, हाजी सलामत राही, बदरुज़्ज़मां ख़ान, गुलफाम अहमद, शमीम क़स्सार, डॉ. इरफ़ान अली असारवी आदि मौजूद रहे।






