स्मैक की तस्करी में नितिन उर्फ टोनी दो साथियों के साथ गिरफ्तार, 42 ग्राम स्मैक बरामद
एसपी नगर सत्यनारायण प्रजापत का खुलासा, उत्तराखंड से होती थी मादक पदार्थो की तस्करी
स्मैक की क़ीमत लगभग एक लाख रुपए बताई गई
मुजफ्फरनगर। लंबे समय तक खाकी के खास के रूप में सुर्खियां पाने वाला नितिन उर्फ टोनी मादक पदार्थो का तस्कर निकला। पुलिस के कई गुडवर्क में नितिन का नाम चर्चाओं में रहा। नई मंडी पुलिस ने रविवार को बड़ा खुलासा करते हुए टोनी को दो साथियों के साथ 42 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी उत्तराखंड से स्मैक लाकर जिले में सप्लाई करता था।
पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि नई मंडी पुलिस ने देर रात छापा मारकर नितिन उर्फ टोनी निवासी गउशाला रोड, अभिनव उर्फ शुभम पचैंडा और हिमांशु निवासी पचैंडा कलां को दबोच लिया। सीओ मंडी राजू साव की मौजूदगी में तलाशी ली गई तो उनके पास से करीब 41.68 ग्राम स्मैक और इलेक्ट्रोनिक कांटा बरामद हुआ। पूछताछ में अभिनव और हिमांशु ने बताया कि वो नशे के आदी है और स्मैक की पुड़िया नितिन उर्फ टोनी से खरीदते है। टोनी ने बताया कि वह मंगलौर के एक शख्स से स्मैक खरीदकर लाने के बाद यहां सप्लाई करता है। एसपी सिटी प्रजापत के मुताबिक आरोपी काफी समय से मादक पदार्थो की तस्करी में लिप्त है और मादक पदार्थो से काफी धन अर्जित किया है। बता दे कि नितिन उर्फ टोनी लंबे समय से खाकी का करीबी रहा है। पुलिस के कई गुडवर्क में उसका नाम चर्चाओं में रहा है, लेकिन अवैध धंधों में संलिप्तता उजागर होने के कारण वो खुद आज कानून का मुजरिम बन गया।






