मुजफ्फरनगर। रतनपुरी पुलिस ने गौकशों से हुई मुठभेड में एक को घायल करने के साथ उसके दो और साथियों को दबोच लिया, जबकि छपार में खालापार का लुटेरा सरकारी गोली लगने से लंगडा हो गया।
एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि रतनपुरी पुलिस शनिवार रात को खतौली -बुढाना मार्ग पर चैकिंग कर रही थी। उसी समय खबर मिली कि टोडा से भनवाडा रोड पर ईख के खेत में कुछ लोग गौकशी की फिराक में है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि एक गोवंश को बांधकर रखा गया। पुलिस टीम को देखकर गौकशों ने गोली चलाते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें राशिद उर्फ रहीस उर्फ सईद के दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया । जबकि उसके दो साथियों मेहराज पुत्र लियाकत और नदीम पुत्र रमनक निवासी रियावली नंगला को पकड लिया गया। गौवंश को मुक्त कराने के साथ आरोपियों के पास से गौकशी के उपकरण बरामद किए है।
कप्तान ने बताया कि दूसरी मुठभेड छपार पुलिस के साथ रोहाना मार्ग पर हुई। पुलिस टीम ने रात में बाइक पर आ रहे एक संदिग्ध को रोकने की कोशिश की। आरोपी ने फायर करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी फायरिंग में शादाब पुत्र अजीज निवासी सुजडू घायल हो गया। आरोपी के पास से तमंचे के अलावा बिना नंबर की बाइक बरामद हुई है। एसएसपी ने बताया कि घायल शादाब लुटेरा है।







