सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन में छात्र छात्राओं ने मन मोहा
मुजफ्फरनगर। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2025’ के प्रथम चरण के अंतर्गत आर्य कन्या इंटर कॉलेज, बुढाना में “हमारा राष्ट्रीय ध्वज – तिरंगा” विषय पर क्विज प्रतियोगिता एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार के नेतृत्व में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमलकिशोर देशभूषण के निर्देशन में संपन्न हुआ।
क्विज प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों सुम्बुल, सुहाना, साइना, इकरा, आस्मीन, खुशबू, हुमैरा, आकांक्षा, चांदनी और आइफा को राष्ट्रीय ध्वज भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा। डॉ. राजीव कुमार ने उपस्थित सभी छात्रों, शिक्षकों एवं नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान प्रकट करने और ‘हर घर तिरंगा’ फहराने का आह्वान किया। साथ ही विद्यालय की प्रधानाचार्य, प्रवक्ताओं और स्टाफ को भी राष्ट्रीय ध्वज भेंट किए गए। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस राष्ट्रीय उत्सव में सहभागी बनें। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रमेश कुमारी, प्रवक्तागण अर्चना चौधरी, रचना त्यागी, राखी, वंदना, स्टाफ सदस्य राकेश गर्ग एवं छात्रा शिफा का विशेष योगदान रहा।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार श्रीवास के मार्गदर्शन में जनपद के समस्त विद्यालयों में इस अभियान की विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।






