खतौली। श्री कृष्ण मंदिर के प्रबंध संचालक संत शांत मुनि जी महाराज को जान से मारने की धमकी मिलने के प्रकरण में गुरुवार को थाना पुलिस ने नोएडा निवासी आरोपियों को तलब कर थाने बुलाया। थाने में दोनों पक्षों से पूछताछ की गई। इस दौरान पुलिस ने संत शांत मुनि जी महाराज द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में नोएडा निवासी आरोपियों आउसा बाई उर्फ अनुराधा कपूर व अंश मुनि से जानकारी ली गई। हालांकि, दोनों पक्ष भगवाधारी संत होने के चलते पुलिस सख्ती से कार्रवाई करने में असमर्थ रही और मामले में पुलिस और आरोपियों के बीच अजीब सी स्थिति बनी रही। धमकी प्रकरण में फिलहाल पुलिस कार्रवाई के कोई ठोस नतीजे नहीं निकल पाए थे। गुरुवार दोपहर तक दोनों पक्ष थाने में मौजूद थे और मामले की गहनता और संतों की प्रतिष्ठा को देखते हुए पुलिस ने सावधानीपूर्वक पूछताछ जारी रखी। प्रशासन ने भी स्थिति पर नज़र बनाए रखने और किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हुए हैं। बताते चलें कि खतौली स्थित श्री कृष्ण मंदिर के संचालक संत शांत मुनि जी महाराज शारीरिक रूप से विकलांग है और धमकी मिलने के बाद से ही मानसिक रूप से परेशान चल रहे हैं।






