मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से जनपद में कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शुरू हो गईं। पहले दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की गईं। दोनों कक्षाओं के लिए हिंदी विषय की परीक्षा निर्धारित थी, जो शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
पहली पाली में हाईस्कूल की परीक्षा आयोजित की गई। जनपद में हाई स्कूल की परीक्षा में कुल 29,121 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,282 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में अनुपस्थित रहकर परीक्षा छोड़ दी। हालांकि परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र पर नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग का कोई मामला सामने नहीं आया, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा संपन्न हुई। सभी केंद्रों पर परीक्षार्थियों की गहन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों, वॉयस रिकॉर्डिंग व्यवस्था तथा स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की गई थी। जनपद में बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 72 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल, केंद्र व्यवस्थापक, पर्यवेक्षक तथा उड़नदस्ते की निगरानी रही। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी लगातार केंद्रों का निरीक्षण करते रहे, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न होने से अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया है। बोर्ड परीक्षाओं के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आगामी परीक्षाओं के लिए भी इसी प्रकार की सख्ती बरती जाएगी।






