मुजफ्फरनगर। जेईई मेन 2026 (सेशन-1) का परिणाम घोषित होते ही संकल्प इंस्टिट्यूट में उत्साह का माहौल बन गया। संस्थान के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उच्च पर्सेंटाइल प्राप्त की और जनपद का नाम रोशन किया। इसकी जानकारी संस्थान के निदेशक, शिक्षकों ने संयुक्त रूप से मीडिया सेंटर पर वार्ता के दौरान दी।
वार्ता करते हुए संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष संस्थान के छात्रों ने अनुशासित अध्ययन, नियमित अभ्यास और अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। प्रमुख परिणाम में नमन बंसल ने 99.67 पर्सेंटाइल, अबू जैद खान ने 99.10 पर्सेंटाइल, आयुष गुप्ता ने 99.06 पर्सेंटाइल तथा अध्ययन ने 98.46 पर्सेंटाइल हासिल की। इसके अलावा अन्य विद्यार्थियों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। संस्थान के शिक्षकों सुमित शर्मा, मोहित दलाल, अमित कुमार, प्रियंका नेहरा एवं रंजन त्यागी ने सफल विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और संस्थान के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। नियमित टेस्ट सीरीज, डाउट क्लियरिंग सेशन और विषयवार गहन अभ्यास ने विद्यार्थियों की तैयारी को सशक्त बनाया। संकल्प इंस्टिट्यूट के निदेशकों ने भविष्य में भी श्रेष्ठ परिणाम देने का संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य मुजफ्फरनगर के विद्यार्थियों को आईआईटी जेईई, नीट एवं बोर्ड परीक्षाओं में महानगरों के समकक्ष प्रतिस्पर्धी बनाना है। साथ ही, उन्होंने आगामी सत्र से प्रारंभ होने वाले स्कूल बैच की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नियमित स्कूल शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर बल दिया, ताकि डमी या नॉन-अटेंडिंग कक्षाओं की प्रवृत्ति से बचा जा सके।





