शामली। कांधला थाना क्षेत्र के गांव खंद्रावली में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब शराब के नशे में एक युवक ने अपने सगे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में घायल युवक को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी विकास ने कथित रूप से शराब के नशे में अपने भाई अमर चैहान के साथ कहासुनी के दौरान उसके सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले से अमर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। घायल अमर चैहान का आरोप है कि उसका भाई विकास अक्सर शराब के नशे में घर में गाली-गलौज और हंगामा करता है। विरोध करने पर वह मारपीट पर उतारू हो जाता है। इसी क्रम में हुए विवाद के दौरान उस पर जानलेवा हमला किया गया। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि घायल का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है तथा तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है और शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






