मुजफ्फरनगर। विकास भवन में मंगलवार को एसआईआर के तहत 2003 से जुड़े दस्तावेज लेकर आने वाले मतदाताओं का मेला रहा। नोटिस के बाद आए संबंधित मतदाताओं ने एसआईआर से जुड़े आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए। सुनवाई के दौरान कुछ के दस्तावेज ओके तो मिले तो अधिकांश को दस्तावेज लाने के लिए नई तारीख दी गई है।
एसआईआर के तहत नई मतदाता सूची जारी होने के बाद ऐसे मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए, जिन्होंने दस्तावेज जमा नहीं कराए थे। इन मतदाताओं के दस्तावेजों पर सुनवाई के लिए पहले 21 से 23 जनवरी का समय दिया गया था। उसके बाद तीन फरवरी सुनवाई के लिए निर्धारित की गई थी। विकास भवन में मंगलवार को दस्तावेज लेकर आए मतदाताओं का जमावड़ा रहा। एआरओ और बीएलओ ने दस्तावेजों को लेकर सुनवाई की। एसआईआर 2003 के लिए करीब 13 दस्तावेजों में से दो अनिवार्य रूप से मांगे गए है। कुछ मतदाता एक ही दस्तावेज लेकर पहुंचे तो उन्हें अगली तारीख को दूसरा दस्तावेज लाने के लिए कहा गया। कहा गया है कि एसआईआर का विशेष अभियान इस माह में पूरी कर लिया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि किसी भी प्रकार की त्रुटि या भ्रम की स्थिति न रहे और सभी मामलों का निष्पक्ष व पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। अधिकारियों ने संबंधित लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि समय रहते आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें, ताकि कार्रवाई को सुचारु रूप से पूरा किया जा सके। ऐसे में बहुत से लोगों के सामने वोट बचाने का संकट खडा हो गया है।







