खतौली। यूजीसी के बदले गए नियमों के विरोध में गुरुवार को खतौली में सर्व स्वर्ण समाज के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपना आक्रोश जाहिर किया। समाज के लोग जानसठ रोड स्थित सहकारी गन्ना समिति परिसर में एकत्रित हुए, जहां से नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में पैदल चलकर जानसठ तिराहा पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों के हाथों में सरकार विरोधी नारे लिखी तख्तियां थीं तथा यूजीसी के पुराने नियम बहाल करने की मांग की जा रही थी। जुलूस जानसठ तिराहे पर पहुंचने के बाद तहसील प्रशासन के अधिकारियों को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हाल ही में यूजीसी नियमों में किए गए बदलाव से स्वर्ण समाज की विभिन्न जातियों में भारी रोष है। समाज का आरोप है कि सरकार की नीतियां स्वर्ण समाज के साथ भेदभावपूर्ण हैं, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने विशेष रूप से केंद्र सरकार पर अन्यायपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। युवाओं का कहना था कि यदि सरकार ने यूजीसी के बदले हुए नियमों को वापस नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान माहौल पूरी तरह आक्रोशपूर्ण रहा और लगातार नारेबाजी होती रही। इस अवसर पर सुधीश पुंडीर, अनुज भारद्वाज, देवेश शर्मा, प्रशांत पंडित, अनिल पुंडीर, अक्षय ठाकुर, सोनू ठाकुर, विनोद ठाकुर, केपी शर्मा, मुकेश शर्मा, चंद्रपाल राजपूत सहित बड़ी संख्या में सर्व स्वर्ण समाज के लोग मौजूद रहे।







