खतौली। थाना खतौली क्षेत्र में नहर पटरी पर बालाजी मंदिर के समीप एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और देखा कि नहर की दोनों रेलिंग के बीच एक महिला का शव पड़ा हुआ है, जिसका चेहरा टेप से बंधा हुआ था। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया है।
मृतका की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है। उसके दोनों पैरों में बिछुआ, मांग में सिंदूर तथा हाथ में कलावा बंधा हुआ था। शरीर पर किसी प्रकार की कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। महिला ने नीला कोट, काला स्वेटर और नीली छीटदार बॉर्डर वाली साड़ी पहन रखी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाद में मृतका की पहचान ममता (45 वर्ष), पत्नी कृष्णपाल उर्फ कालिया, निवासी होली चौक के रूप में हुई। मृतका के परिजन भी थाने पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि ममता पिछले पांच दिनों से लापता थी। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी रामाशीष यादव मृतका के परिजनों से बातचीत कर रहे हैं और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।






