मुज़फ्फ़रनगर। जनपद में प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला परिषद के सामने संचालित एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। छापे के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नशीली गोलियां और अन्य संदिग्ध दवाइयाँ बरामद कीं, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस की इस कार्रवाई ने ड्रग विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि शहर के बीचों-बीच लंबे समय से यह अवैध कारोबार चल रहा था, इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे ड्रग विभाग की निगरानी और सक्रियता पर प्रश्नचिह्न लग गया है।छापेमारी के दौरान पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी और बरामद प्रतिबंधित दवाओं को जब्त कर लिया। मामले में ड्रग विभाग की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सिविल लाइन थाना प्रभारी आशुतोष कुमार ने बताया कि प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने पुष्टि की कि मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुई हैं और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद शहर में अवैध रूप से नशीली दवाओं की बिक्री पर शिकंजा कसने की उम्मीद जताई जा रही है।






