मुजफ्फरनगर। जिला बार संघ के अधिवक्ताओं द्वारा हाई कोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने सहभागिता करते हुए अपने-अपने विचार व्यक्त किए और इस मांग को जन आंदोलन का रूप देने पर जोर दिया।
अधिवक्ताओं ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को न्याय के लिए दूर-दराज़ जाना पड़ता है, जिससे समय, धन और श्रम की भारी बर्बादी होती है। हाई कोर्ट बेंच की स्थापना से न केवल अधिवक्ताओं को राहत मिलेगी, बल्कि आम जनता को भी त्वरित न्याय सुलभ हो सकेगा। बैठक के दौरान अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि मांग को और मजबूती देने के लिए कल बाजार बंद को सफल बनाया जाएगा। इसके लिए व्यापारी संगठनों एवं आम जनता से सहयोग की अपील की गई। जिला बार संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक हाई कोर्ट बेंच की मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन शांतिपूर्ण लेकिन निरंतर जारी रहेगा।









