मुजफ्फरनगर। शहर के व्यस्ततम इलाके कंपनी बाग मार्ग पर एक बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। कंपनी बाग के गेट और पेट्रोल पंप के बीच स्थित एक विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर पूरी तरह झुक गया है, जो फिलहाल बिजली के खंभे के सहारे टिका हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पेड़ कभी भी गिर सकता है, जिससे सड़क से गुजरने वाले राहगीरों, दोपहिया व चारपहिया वाहनों के साथ-साथ आसपास की बिजली व्यवस्था को भी भारी नुकसान पहुंच सकता है। दिनभर इस मार्ग से बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं, ऐसे में किसी भी समय गंभीर दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि संभावित दुर्घटना को देखते हुए तत्काल पेड़ को हटवाने एवं बिजली के खंभे को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।








