मुजफ्फरनगर। श्री राम कॉलेज, मुजफ्फरनगर के शारीरिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों ने मां शाकुम्भरी अंतरमहाविद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता (पुरूष वर्ग) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अंतरमहाविद्यालयीय प्रतियोगिता आरके कॉलेज, शामली में आयोजित की गई, जिसमें मॉ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय से संबद्ध चार महाविद्यालयों आरके कॉलेज शामली, गोचर महाविद्यालय रामपुर मनिहारन, जेवी जैन डिग्री कॉलेज सहारनपुर तथा श्री राम कॉलेज मुजफ्फरनगर की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के अंतिम एवं निर्णायक मुकाबले में श्री राम कॉलेज की टीम के खिलाड़ियों अभय चौधरी, वैभव, नमन पाल एवं शोएब अली राणा ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए जेवी जैन डिग्री कॉलेज, सहारनपुर की टीम को पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ श्रीराम कॉलेज की पुरूष बास्केटबॉल टीम मॉ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर का प्रतिनिधित्व करते हुए आगामी अंतर विश्वविद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। टीम के महाविद्यालय पहुंचने पर श्री राम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन डॉ. एस.सी. कुलश्रेष्ठ ने खिलाड़ियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने कठिन प्रतिस्पर्धा में अपने उत्कृष्ट खेल से विजय प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है।महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल ने विजयी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी इसी प्रकार के श्रेष्ठ प्रदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की।इस अवसर पर उप प्राचार्य डॉ. सौरभ मित्तल, मानव संसाधन प्रबंधन विभाग से पंकज कुमार, प्रवक्तागण डॉ. अब्दुल अजीज खान, संदीप देशवाल, अमरदीप, तरुण एवं विश्वदीप कौशिक सहित अन्य शिक्षकों ने भी विजयी टीम को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






