मुजफ्फरनगर। जनपद में बढ़ती ठंड और घने कोहरे के चलते जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुढ़ाना की एसडीएम अपूर्वा यादव और सदर एसडीएम प्रवीण यादव ने तहसील क्षेत्रों में संचालित रैन बसेरों और शेल्टर हाउसों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य ठंड से बचाव की व्यवस्थाओं का जायजा लेना और जरूरतमंदों को किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाना रहा।
निरीक्षण के दौरान दोनों एसडीएम अधिकारियों ने रैन बसेरों में उपलब्ध कंबल, बिस्तर, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बिजली और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तार से जांच की। उन्होंने मौजूद कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड के कारण असुविधा का शिकार न हो। एसडीएम बुढ़ाना अपूर्वा यादव ने कहा कि कड़ाके की ठंड में रैन बसेरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी रैन बसेरों में पर्याप्त संख्या में कंबल और अन्य आवश्यक सुविधाएं हर समय उपलब्ध रहें। किसी भी प्रकार की कमी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं एसडीएम सदर प्रवीण यादव ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निरीक्षण के दौरान या भविष्य में व्यवस्थाओं में कोई भी कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि ठंड के मौसम में कोई भी बेसहारा या जरूरतमंद व्यक्ति खुले आसमान के नीचे न सोने को मजबूर हो। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्देश दिए कि रैन बसेरों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन तुरंत उपलब्ध कराए जाएं। प्रशासन की इस सक्रियता से जरूरतमंदों को ठंड के प्रकोप से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।







